• Wed. Feb 25th, 2026

*बहादराबाद विकासखंड के लालढांग क्षेत्र में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” शिविर आयोजित: 225 लाभार्थियों को किया गया लाभान्वित*

Byanilkumar

Dec 23, 2025

हरिद्वार, जनता की समस्याओं को उनके द्वार पर सुलझाने और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने के उद्देश्य से आज लालढांग क्षेत्र के गैंडीखाता स्थित शहीद मनोज सिंह चौहान राजकीय इंटर कॉलेज में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” बहुद्देशीय शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानन्द ने की।

*23 विभागों ने लगाए स्टाल, 225 लाभार्थी हुए लाभान्वित*-
विकासखंड बहादराबाद के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में कुल 23 सरकारी विभागों ने अपने स्टाल लगाकर जनता की मदद की। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मौके पर ही लोगों के स्वास्थ्य की जाँच की गई, जबकि आधार कार्ड केंद्र पर त्रुटियों का संशोधन किया गया। कृषि विभाग ने बीज वितरित किए और पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं के लिए नि:शुल्क दवाइयां दी गईं। खाद्य विभाग ने राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं का समाधान किया। विशेष रूप से ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना और एनआरएलएम के स्टाल पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की गई।

*त्वरित न्याय और स्वच्छता का संकल्प -*
शिविर के दौरान कुल 60 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के लिए सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में कुल 225 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से सीधे लाभान्वित किया गया।
सत्र के अंत में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उपस्थित जनता, लाभार्थियों और अधिकारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। उन्होंने अपील की कि जनपद को सुंदर बनाने के लिए हर नागरिक को स्वच्छता के प्रति जागरूक होना होगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!