ब्यूरो रिपोर्ट।
हरिद्वार। हरिद्वार जिले में दीन दयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) डॉ. ललित नारायण मिश्र के मार्गदर्शन में, जिले के सभी 6 ब्लॉकों में 1 नवंबर 2025 से 8 नवंबर 2025 तक विशेष कैश क्रेडिट लिमिट (CCL) शिविरों का सफल आयोजन किया गया।
इन CCL शिविरों के माध्यम से 120 स्वयं सहायता समूहों को कुल ₹1.81 करोड़ की ऋण राशि का सफलतापूर्वक वितरण किया गया है।

इस महत्वपूर्ण वित्तीय सहयोग का उद्देश्य इन समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। वितरित ऋण राशि का उपयोग ये समूह विभिन्न छोटे उद्यमों (Small Enterprises) की स्थापना के लिए करेंगे। इससे न केवल उनकी आजीविका में सुधार होगा, बल्कि वे स्वयं का वित्तीय सशक्तिकरण भी सुनिश्चित कर सकेंगी। यह कदम ग्रामीण क्षेत्रों की गरीब महिलाओं को आगे बढ़ने और आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होने में सहयोग देगा।

इस सफल आयोजन में NRLM के ब्लॉक स्तरीय कर्मचारियों की अथक मेहनत एवं समर्पण तथा CDO डॉ. मिश्र के सकारात्मक विचारों और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह पहल जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नए और सकारात्मक युग का सूचक है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।
